लाडपुरा: डामटी-खोखरा बांध की जर्जर मोरी से किसान बेहाल, 5 साल से व्यर्थ बह रहा पानी; आंदोलन की चेतावनी

लाडपुरा: डामटी-खोखरा बांध की जर्जर मोरी से किसान बेहाल, 5 साल से व्यर्थ बह रहा पानी; आंदोलन की चेतावनी

लाडपुरा (शिव जांगिड़)।
पंचायत क्षेत्र के डामटी-खोखरा बांध की बदहाली और सिंचाई विभाग की अनदेखी से क्षेत्रीय किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। पिछले पांच साल से अधिक समय से बांध की एक तरफ की मोरी (निकासी द्वार) टूटी हुई है, जिसके कारण बारिश का बेशकीमती पानी व्यर्थ बह जाता है। हालात यह हैं कि जिस बांध में पहले गर्मियों में भी लबालब पानी भरा रहता था, वह अब मोरी से रिसाव के कारण समय से पहले ही सूख जाता है।

5 साल से इन गांवों को नहीं मिला पानी, भूजल स्तर गिरा

मोरी के साथ-साथ बांध के पास बनी छोटी नहर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। इसी नहर से रबी की फसल की सिंचाई होती है, लेकिन इसके टूटे होने से पानी खेतों तक पहुंचने के बजाय बर्बाद हो जाता है। इसका खामियाजा लाडपुरा, अमरतिया, झोपड़ा व चित्तौड़िया के किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें पिछले 5 सालों से नहर का पानी नसीब नहीं हुआ है। पानी के लगातार व्यर्थ बहने से क्षेत्र का भूजल स्तर भी निरंतर गिरता जा रहा है।

सिंचाई विभाग बेपरवाह, किसानों ने दी चेतावनी

स्थानीय बांध समिति के पूर्व अध्यक्ष ओम जी जोशी और अन्य ग्रामीणों ने कई बार सिंचाई विभाग को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक विभाग ने मरम्मत की कोई सुध नहीं ली है। आक्रोशित किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे।

देवरी नला बांध की स्थिति भी खराब

डामटी-खोखरा के अलावा लाडपुरा क्षेत्र का ‘देवरी नला बांध’ भी जर्जर अवस्था में है, जिससे किसान चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वे जल्द इस बांध का जायजा लेकर इसकी मरम्मत करवाएं।