डेढ़ माह से खुदा पड़ा पीपली का मुख्य मार्ग:पीडब्ल्यूडी ने सड़क नवीनीकरण के नाम पर करवाई थी खुदाई,ग्रामीण बोले-काम अधूरा छोड़कर भूला विभाग

मंगरोप@मुकेश खटीक।ग्राम पंचायत मुख्यालय पीपली का मुख्य बस स्टैंड और स्कूल जाने वाला प्रमुख मार्ग पिछले डेढ़ माह से खुदा पड़ा है।सड़क नवीनीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के ठेकेदार द्वारा करवाई गई खुदाई के बाद अब तक कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के मौसम में खुदी हुई सड़क पर पानी भरने लगा है,जिससे जहां कीचड़ और गड्ढों की समस्या बढ़ गई है,वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है।मुख्य मार्ग होने के कारण रोजाना यहां से गुजरने वाले ग्रामीण,वाहन चालक और स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं परेशान हैं।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खुदाई के बाद विभाग और ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया।बारिश के कारण मार्ग पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है,जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।बस स्टैंड पर सैनेट्री एवं हार्डवेयर व्यापारी कैलाश चंद्र दरक,देवीलाल माली,देवीलाल दरोगा और यशपाल सिंह चौहान ने बताया कि कुछ दिन पहले शहीद श्री तेजसिंह सीनियर स्कूल की एक छात्रा स्कूल जाते समय इसी मार्ग पर बने गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गई थी।छात्रा का प्राथमिक उपचार करवाना पड़ा।ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क नवीनीकरण के नाम पर गांव के मुख्य मार्ग की खुदाई तो करवा दी,लेकिन इसके बाद कार्य को पूरा करना भूल गया।अधूरी सड़क का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा करवाए,ताकि बारिश के दौरान हो रही परेशानी से राहत मिल सके और स्कूल जाने वाले बच्चों सहित आम लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।