Homeभीलवाड़ादीपावली पर शाहपुरा में ट्रैफिक व सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मुख्य बाजार...

दीपावली पर शाहपुरा में ट्रैफिक व सुरक्षा के कड़े इंतजाम, मुख्य बाजार में वाहनों की नो एंट्री रहेगी

शाहपुरा -मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने की।इसमें थानाधिकारी सुरेश चंद्र और नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी मौजूद रहे। इसके अलावा बैठक में प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पालिका, व्यापारी संगठनों, सामाजिक प्रतिनिधियों और नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर में कानून व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। अधिकारियों ने कहा कि दीपावली पर शहर में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और पूजा के लिए निकलते हैं, जिससे बाजार क्षेत्र में भीड़भाड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दीपावली के दिन 21 अक्टूबर की शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक बाजार क्षेत्र में दोपहिया और चैपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पुलिस के जवान वर्दी में मुख्य बाजार क्षेत्र, त्रिमूर्ति चैराहे से लेकर बालाजी छतरी तक गश्त करते रहेंगे। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ या अव्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए नगर पालिका ने त्रिमूर्ति चैराहे पर एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह कंट्रोल रूम पुलिस और पालिका अधिकारियों के संयुक्त संचालन में कार्य करेगा। इसमें रीयल टाइम निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही, पूरे बाजार क्षेत्र में माइकिंग सिस्टम लगाया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति या दिशा-निर्देश की घोषणा तुरंत की जा सके।
नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी ने बताया कि दीपावली पर्व पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। सफाई कार्मिकों की ड्यूटी बाजार क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगाई जाएगी, ताकि दीपोत्सव के दौरान शहर स्वच्छ और आकर्षक बना रहे। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, इसे सौहार्द और आपसी सहयोग के साथ मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
एडिशनल एसपी राजेश आर्य ने कहा कि पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने यह भी कहा कि आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि कोई दुर्घटना न हो।

थानाधिकारी सुरेश चंद्र ने बताया कि दीपावली से लेकर भाईदूज तक पुलिस दल शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त करते रहेंगे। इसके अलावा, बाजारों में ट्रैफिक पुलिस को भी तैनात किया जाएगा, जो यातायात को नियंत्रित करेगी और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देगी।
बैठक में पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, व्यापारी संघ प्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने एकमत से कहा कि त्योहारों के दौरान अनुशासन और सहयोग बनाए रखने से ही शहर की छवि और सौहार्द कायम रहेगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर परंपरागत तरीके से दीप जलाएं, लेकिन पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित और कम प्रदूषण वाली आतिशबाजी का ही उपयोग करें। साथ ही, बिजली की सजावट के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि शाहपुरा में सभी पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षा के माहौल में मनाए जाएंगे। उन्होंने कहा “त्योहार हमारी संस्कृति की पहचान हैं, इन्हें आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाना ही सच्ची भारतीय परंपरा है।”

स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर 31 जनवरी 2025, Smart Halchal News Paper 31 January 2025
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
स्मार्ट हलचल न्यूज़ पेपर  01 अगस्त  2024, Smart Halchal News Paper 01 August 
news paper logo
logo
RELATED ARTICLES