मिड-डे-मील का 10 माह से भुगतान अटका, शिक्षकों के नोशनल लाभ में देरी पर महासंघ ने उठाई आवाज

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना की कुकिंग कन्वर्जन राशि और बाल गोपाल योजना के बकाया भुगतान सहित शिक्षकों को नोशनल लाभ देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), जिला भीलवाड़ा ने बुधवार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा की अध्यक्षता में सौंपे गए ज्ञापन में विद्यालयों और शिक्षकों से जुड़ी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।
जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने बताया कि विद्यालयों में मिड-डे-मील योजना के तहत कुकिंग कन्वर्जन राशि का भुगतान पिछले 10 माह से लंबित है। इसके कारण विद्यालयों में भोजन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बाल गोपाल योजना के तहत गैस और चीनी की राशि भी 1 जनवरी 2025 से बकाया है। इसके अतिरिक्त जिन बिलों का भुगतान स्वीकृत हो चुका है, वे भी ईसीएस संबंधी समस्याओं के कारण अटके हुए हैं।
महासंघ ने मांग की कि विद्यालयों को आर्थिक परेशानियों से राहत देने के लिए सभी लंबित राशियों का तत्काल भुगतान कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों के लिए संचालित मिड-डे-मील और बाल गोपाल योजनाओं का संचालन प्रभावित नहीं हो।
ज्ञापन में शिक्षकों को नोशनल लाभ देने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। महासंघ का कहना है कि न्यायालय के निर्णय और विभागीय आदेशों के बावजूद पात्र शिक्षकों को नोशनल लाभ देने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इससे शिक्षकों को उनके पात्र सेवा लाभ प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। महासंघ ने संबंधित अधिकारियों से न्यायालय के निर्णयों और विभागीय आदेशों की पालना सुनिश्चित करते हुए पात्र शिक्षकों को शीघ्र नोशनल लाभ देने की मांग की।
महासंघ ने प्रशासन से आग्रह किया कि विद्यालयों और शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। महासंघ ने कहा कि विद्यार्थियों के हित, विद्यालयों का सुचारु संचालन और शिक्षकों के वैधानिक सेवा लाभ सुनिश्चित करने के लिए इन मामलों में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई जरूरी है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा, जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी, विनोद झंवर, प्रेम व्यास, अनिल उपाध्याय, ओम प्रकाश सुथार, सत्यनारायण मंत्री, दिनेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।