गर्मी के तेवर देख बून्दी में भी स्कूलों का समय बदलने की मांग

शादियों के चलते बाजारों में चहल पहल लेकिन गलियां सुनसान

बून्दी- स्मार्ट हलचल|गर्मी के तेवर दिनों दिन बढ़ते ही जा रहे है। जिससे दोपहर को लोगों का घरो से निकलना दूभर हो गया है। वहीं शादी ब्याह के चलते ग्रामीणों को भीषण गर्मी में बाजारों में खरीददारी करने आना पड़ रहा
है। ग्रामीण भी धूप से बचाव के लिए सिर पर कपड़ा बांधने सहित शीतल पेय का सहारा ले रहे है। दूसरी ओर हीट वेव के चलते कोटा जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने आज से स्कूलो का समय सुबह 7.30 बजे से 12.30 बजे तक कर दिया है। वहीं आज तक बून्दी में स्कूलों का समय नहीं बदला गया है। जिससे अभिभावक और बच्चे परेशान है। इस सम्बन्ध में आज कार्यवाहक जिला कलक्टर को अभिभावको द्वारा एक ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में अन्य जिलो की तरह हीट वेव के चलते बून्दी में भी स्कूलों का समय सुबह 7.30 बजे से 11 बजे तक करने की मांग की है।

भीषण गर्मी के बावजूद बाजारों में तो चहल पहल है लेकिन गली मोहल्लों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग घरो में दुबके हुए है और आवश्यक कार्यों के लिए ही घर से बाहर निकल रहे है। यहां सुबह 11 बजे से देर शाम तक सन्नाटा पसरा रहता है। यही हाल जिले में प्रवेश करने वाले मार्गों का है जो जो पूरी तर खाली नजर आते है। गर्मी के चलते शीतल पेय की दुकानों व ठेलो पर जमकर बिक्री हो रही है।