संगम इंडिया लिमिटेड यूनिट-2 सरेरी के गेट पर एम्बुलेंस में शव रखकर बैठे परिजन, बोले– मांगें पूरी होने तक नहीं हटेंगे; गुलाबपुरा सीआई पुलिस जाप्ते के साथ मौजूद
रायला। स्मार्ट हलचल|संगम इंडिया लिमिटेड यूनिट-2 सरेरी में 17 साल तक सेवा देने वाले गार्ड की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। ईरास निवासी पुखराज जाट (50) फैक्ट्री में कॉलोनी इंचार्ज के रूप में गार्डन की देखरेख और सुरक्षा ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल रायला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
17 साल की सेवा, पीछे छोड़ गए पांच बच्चे
पुखराज जाट पिछले 17 वर्षों से संगम फैक्ट्री में गार्ड के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार में पांच बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारी और बच्चों के पालन-पोषण का पूरा भार उन्हीं पर था। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब पांच बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
50 लाख की सहायता की मांग पर अड़े परिजन
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिवारजन एवं ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन से 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने तथा बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के भरण-पोषण की उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई। इसी मांग को लेकर परिजन संगम मिल के मुख्य गेट के बाहर एम्बुलेंस में शव रखकर बैठ गए।
परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक वे शव लेकर यहां से नहीं हटेंगे।
पुलिस की समझाइश जारी
सूचना पर गुलाबपुरा सीआई संजय गुर्जर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी परिजनों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और समझाइश के प्रयास में जुटे हैं। समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्री गेट पर गतिरोध बना हुआ था।