1.20 करोड़ के वर्क ऑर्डर के बावजूद अधूरा खारडा–गांगलास मार्ग: समय सीमा बीतने पर भी नहीं सुधरी सड़क, धूल व पत्थरों से हादसों का खतरा

मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के तहत पीडब्ल्यूडी खंड आसींद को सौंपी गई थी जिम्मेदारी; 12वीं तक स्कूल होने के बावजूद विद्यार्थियों को रायला-ईरास जाना पड़ रहा, जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बाद भी नहीं हुआ समाधान

रायला/आसींद (स्मार्ट हलचल)रायला क्षेत्र के खारडा से गांगलास गांव की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग कई वर्षों से उबड़-खाबड़ बना हुआ है। सड़क पर धूल एवं बड़े-बड़े पत्थर फैले होने से वाहन चालकों को भारी समस्या हो रही है और खराब सड़क के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।

1.20 करोड़ की स्वीकृति व समय सीमा पूरी होने के बाद भी काम अधूरा

यह मार्ग मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2025-26 के अंतर्गत बताया गया है और इसकी कार्यकारी एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) खंड आसींद है। सूचना बोर्ड के अनुसार खारडा से गांगलास सड़क के 1 करोड़ 20 लाख रुपये में टेंडर स्वीकृत होने तथा समय सीमा पूरी हो जाने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं हो सका। सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने से प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।

छात्र-छात्राओं व राहगीरों का आवागमन प्रभावित, धूल से स्वास्थ्य पर असर

समाजसेवी एवं कांग्रेस ग्राम पंचायत इकाई अध्यक्ष मनीष कुमार सुवालका ने बताया कि इस मार्ग पर संचालित विद्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आते-जाते हैं। सड़क की बदहाली और वाहनों के गुजरने से उड़ने वाले धूल के गुबार के कारण बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सुवालका के अनुसार, जर्जर सड़क के कारण ग्राम पंचायत मुख्यालय गांगलास में कक्षा 12वीं तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय होने के बावजूद खारडा के विद्यार्थियों को रायला व ईरास जैसे अन्य स्थानों पर पढ़ने जाना पड़ रहा है। पंचायत मुख्यालय पर 12वीं तक की कक्षाएं होने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने से छात्र-छात्राएं नियमित स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। सांसद और विधायक को कई बार अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।