आरटीई पुनर्भरण भुगतान कि मांग, निजी स्कूल संचालक विरोध स्वरूप मांगेंगे प्रतिमात्मक भीख

निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान का जयपुर में धरना छठे दिन भी जारी
ओमप्रकाश शर्मा

स्मार्ट हलचल/ पावटा|राजस्थान के निजी विद्यालयों की सत्र 2025-26 एवं अन्य सत्रों की लंबित आर.टी.ई. के पुनर्भरण राशि का शीघ्र भुगतान करवाने, प्री-प्राइमरी का आर.टी.ई. का भुगतान करवाने, यूनिट कॉस्ट में वृद्धि एवं लंबित अनेक मांगों को लेकर निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान का शहीद स्मारक, जयपुर पर निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला के नेतृत्व में दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना छठे दिन भी जारी रहा। धरने को प्रदेशभर के निजी विद्यालय संगठनों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। प्रदेश स्तरीय, जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आंदोलन को समर्थन दिया है। शनिवार को धरना स्थल पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 100 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। धरना स्थल पर एक ओर जहां निजी विद्यालय संचालकों में सरकार के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार धरना समाप्त करने और धरना स्थल से हटने के लिए दबाव बनाए जाने के बावजूद संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया। निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि राजस्थान के हजारों निजी विद्यालयों और उनसे जुड़े लाखों परिवारों के लोकतांत्रिक अधिकारों और निजी विद्यालयों के अस्तित्व की लड़ाई है। पिछले छह दिनों से पुलिस प्रशासन के लगातार दबाव देकर धरना हटाने के प्रयासों के बावजूद आंदोलन जारी है। हमने कई बार धरने की अनुमति के लिए आवेदन किया, लेकिन सरकार न तो अनुमति दे रही है और न ही हमारी मांगों का समाधान कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक आरटीई का संपूर्ण बकाया भुगतान, प्री-प्राइमरी का भुगतान, यूनिट कॉस्ट में वृद्धि और अन्य लंबित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा। बैठक में प्रदेश सरकार की उदासीनता और निजी विद्यालयों के आर.टी.ई. के पुनर्भरण राशि के लंबित भुगतान को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के सदस्य अब जयपुर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और गली-मोहल्लों में जाकर विरोध स्वरूप प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगेगे। यह कार्यक्रम निजी विद्यालयों के प्रति सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन है। समिति का कहना है कि निजी विद्यालय वर्षों से आरटीई के अंतर्गत विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवा रहे हैं, लेकिन सरकार निर्धारित राशि का उसी सत्र में समय पर भुगतान नहीं कर रही है। राजस्थान के अधिकतर प्राइवेट स्कूलों को आरटीई (शिक्षा का अधिकार) का सत्र 2025 -26 एवम अन्य सत्रों की पुनर्भरण राशि का भुगतान इस बार दीपावली पर भी नहीं मिलने के कारण स्कूल संचालकों में भारी रोष व्याप्त रहा। निजी स्कूल संगठनों का कहना है कि लंबे समय से आरटीई के तहत पढ़ रहे बच्चों की पुनर्भरण राशि का प्रदेश सरकार द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे स्कूलों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस कारण विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षको को वेतन भुगतान नहीं कर पा रहे तथा विद्यालय के समस्त खर्चों का भुगतान भी नहीं कर पाने से विद्यालय का संचालन करना अब बहुत मुश्किल हो गया है। सरकार द्वारा आरटीई के तहत पढ़ रहे बच्चों की सत्र 2025-26 एवं अन्य सत्रों की पुनर्भरण राशि के भुगतान करने सहित अनेक मांगो के लिए निजी विद्यालय शिक्षण संघ राजस्थान की जिला इकाइयों द्वारा स्थानीय विधायको, स्थानीय एवं जिला प्रशासन, सांसद को मुख्यमंत्री के नाम दर्जनों बार ज्ञापन दिए गए, मगर कोई सुनवाई नहीं होने से स्कूल संचालको में आक्रोश व्याप्त है। छठे दिन धरने में कोटपुतली -बहरोड जिले से भी निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लिया। निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने कहा कि जब तक आरटीई का संपूर्ण बकाया भुगतान, प्री-प्राइमरी का भुगतान, यूनिट कॉस्ट में वृद्धि और अन्य लंबित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा। स्कूल क्रान्ति संघ की प्रदेशाध्यक्ष हेमलता शर्मा ने कहा कि सरकार को निजी विद्यालयों की सेवाओं और उनके योगदान को समझना चाहिए। आरटीई का भुगतान विद्यालयों का अधिकार है, कोई सरकारी अनुग्रह नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी संगठनों को मांगों के समाधान तक संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान के संरक्षक हंसराज गिरी गोस्वामी ने कहा कि निजी विद्यालय संचालक लंबे समय से सरकार से अपनी जायज मांगों को लेकर गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि जब तक सभी लंबित भुगतान और समस्याओं का समाधान नहीं होता, आंदोलन को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा। कुलदीप सिंह ब्यावर ने प्रदेशभर के निजी विद्यालय संचालकों को प्रत्येक जिले से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील कि। वहीं जितेन्द्र अरोड़ा ने कहा कि सरकार को निजी विद्यालयों की समस्याओं का गंभीरता से हल निकालना चाहिए। देवेन्द्र सिंह ने कहा कि आरटीई के अंतर्गत बच्चों को शिक्षा देने की जिम्मेदारी निभाने के बाद भी विद्यालयों को अपने भुगतान के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को अब शीघ्र सभी लंबित भुगतान जारी करने चाहिए। सत्यनारायण शर्मा दौसा ने कहा कि अब प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में हेमलता शर्मा, सीमा शर्मा, कुलदीप सिंह, जितेन्द्र अरोड़ा, राजेश शर्मा, ओमाराम रणवा एवं ब्यावर टीम, जितेन्द्र सिंह (कुचामन-डीडवाना), पवन चौधरी, मनोज कुमार, राजकुमार जाखड़, नरेन्द्र कुमावत, लक्ष्मण सिंह राजपूत, जगदीश बांगड़वा (रेनवाल), डॉ. मुकेश शर्मा (झोटवाड़ा), अवधेश शर्मा, देवेन्द्र सिंह, किरण कुमार गन्ना, सी.पी. डिडवानिया, पुरण प्रकाश जोशी, दिलीप सिंह चौहान, राकूजी कुमावत, मनोज हरितवाल, सुभाष चन्द्र शर्मा, रामधन रणवां, नरसिंह राम (नागौर), हंसराज गिरी गोस्वामी एवं सत्यनारायण शर्मा दौसा सहित प्रदेशभर के लगभग 100 से अधिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने अंत में कहा कि यह आंदोलन अब केवल शहीद स्मारक तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश के प्रत्येक जिले, संभाग और ब्लॉक के निजी विद्यालय संचालकों को इस संघर्ष से जोड़ा जाएगा।