बजरी माफियाओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तेली समाज का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर जमकर नारेबाजी

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल।सरदारनगर निवासी सत्यनारायण तेली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर समस्त तेली समाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। समाजजनों ने दोषियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बजरी माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर बताया कि बनेड़ा थाना क्षेत्र में बजरी माफियाओं ने संगठित गिरोह बनाकर सत्यनारायण तेली पर जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद संगठित अपराध से संबंधित गंभीर धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं और आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
ज्ञापन में आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां देने और गांव में दहशत फैलाने का भी उल्लेख किया गया। समाज ने मुकदमा संख्या 102/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) व 110 जोड़कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान सत्यनारायण तेली, सुखदेव, महावीर, पवन तेली, मोहन, कमल तेली, किशन डगवाल सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।