नगरीय निकाय कर्मचारियों के लिए केडर स्ट्रैंथ रिव्यू की मांग तेज, सरकार को भेजा जाएगा मांग पत्र

( महेन्द्र नागौरी)

स्मार्ट हलचल।राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन ने नगरीय निकाय कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार से केडर स्ट्रैंथ रिव्यू कराने सहित विभिन्न मांगों को लागू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में अजमेर नगर निगम में आयोजित फेडरेशन की महासमिति बैठक में विस्तृत चर्चा कर मांग पत्र को अंतिम रूप दिया गया।
प्रांतीय संगठन मंत्री हरनारायण माली ने बताया कि 30 मई को जयपुर में आयोजित प्रांतीय अधिवेशन के दौरान कर्मचारियों से प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर विचार-विमर्श के बाद सरकार को भेजे जाने वाले मांग पत्र को स्वीकृति दी गई। बैठक प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सिंह शेखावत एवं महामंत्री रामप्रसाद चौधरी के निर्देशन में संपन्न हुई।
माली ने बताया कि मांग पत्र में नगरीय निकायों के कर्मचारियों के स्टाफिंग पैटर्न का पुनर्गठन कर केडर स्ट्रैंथ रिव्यू किए जाने, मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ सेवा संवर्ग के रिक्त पदों पर नई भर्ती करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का जिला स्तर पर निस्तारण सुनिश्चित करने तथा निकाय कर्मचारियों का वेतन राज्य निधि से भुगतान कर उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देने जैसी प्रमुख मांगें शामिल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से कर्मचारियों को राहत मिलने के साथ-साथ नगरीय निकायों की कार्यक्षमता में भी सुधार होगा। बैठक में नगर निगम भीलवाड़ा से प्रांतीय कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह वर्मा, जिला अध्यक्ष नंदकिशोर पारीक, श्रीकांत शर्मा सहित कई कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।