आसींद रोड़ शमशान घाट को मॉडल बनाने की पहल

विश्रांति गृह व स्नानगृह का हुआ शिलान्यास, विधायक ने मिट्टी भराव, सड़क व हैंडपंप की घोषणा की
मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा के आसींद रोड स्थित सार्वजनिक शमशान घाट में शाहपुरा उपनगरीय विकास संस्थान के तत्वावधान में नगर पालिका द्वारा स्वीकृत 20 लाख 66 हजार रुपये की लागत से बनने वाले विश्रांति गृह एवं स्नानगृह का शिलान्यास समारोहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा थे, जबकि अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने की।
समारोह में विधायक डॉ. बैरवा ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व में शमशान घाट में विश्रांति गृह का निर्माण कराने वाले डॉ. कमलेश पाराशर का भी विधायक द्वारा सम्मान किया गया। पं. शिवचरण शर्मा ने पूजन संपादित कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि आसींद रोड का सार्वजनिक शमशान घाट शाहपुरा का आदर्श एवं मॉडल शमशान घाट बनाया जाएगा और इस दिशा में वे हरसंभव सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से विकास संबंधी सुझाव देने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक उपयोगी प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
इस दौरान विधायक ने शमशान घाट परिसर में मिट्टी भराव, सड़क निर्माण तथा हैंडपंप लगाने की घोषणा करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा तैयार विकास योजना को आगे बढ़ाने में वे पूरी तरह साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि शमशान घाट जैसे सार्वजनिक स्थल को गरिमापूर्ण और सुविधायुक्त बनाने के लिए समाज और प्रशासन दोनों की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में संस्थान की ओर से सदस्य मूलचन्द पेसवानी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शमशान घाट के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के शीघ्र विकास पर जोर दिया, जिस पर विधायक ने सहमति व्यक्त की। संस्थान के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत-अभिनंदन किया।
गीतकार सत्येंद्र मंडेला के संचालन में आयोजित समारोह में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पंकज सुगंधी, जिला मंत्री राजेंद्र बोहरा, राममन्दिर के महंत सीताराम बाबा, पूर्व पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़, वरिष्ठ नेता रामप्रसाद टांक तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकंद तोषनीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में संस्थान अध्यक्ष अशोक भारद्वाज ने आभार व्यक्त करते हुए शमशान घाट के विकास कार्यों में जनसहयोग का आह्वान किया।