शिव जांगिड़
लाडपुरा|स्मार्ट हलचल। गोमाता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करवाने के पुनीत संकल्प के साथ पिछले ढाई साल से पैदल यात्रा कर रहे भीलवाड़ा निवासी गौभक्त शक्ति सिंह राणावत बुधवार को लाडपुरा पहुंचे। देश के चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों की 761 दिन लंबी और कठिन पदयात्रा पूरी कर यहां पहुंचने पर ग्रामीणों और गौभक्तों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। यह यात्रा सनातन संस्कृति और गौवंश संरक्षण का एक बड़ा सामाजिक संदेश दे रही है।
बालाजी मंदिर और सांवरिया गौशाला में भव्य अभिनंदन
गौभक्त शक्ति सिंह बुधवार, 6 मई की सुबह करीब 10 बजे जोगणियां माता (मेनाल) से होते हुए लाडपुरा चौराहे पहुंचे। लाडपुरा चौराहे पर स्थित बालाजी के स्थान पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात वे सांवरिया गौशाला पहुंचे, जहां गौशाला अध्यक्ष नारायण सनाढ्य के नेतृत्व में उनका भव्य अभिनंदन किया गया। पूरे लाडपुरा में शक्ति सिंह के आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
समाजसेवी दिनेश सिंह शक्तावत ने किया साफा पहनाकर सम्मान
इस अवसर पर समाजसेवी दिनेश सिंह शक्तावत ने गौभक्त शक्ति सिंह राणावत को साफा, माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पैदल चलकर भारत के सबसे पवित्र तीर्थों की यात्रा करना वाकई असाधारण भक्ति और एक ‘प्रेरणादायक संकल्प’ है।
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि 761 दिनों की यह पदयात्रा सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को गो-सेवा के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
