​रायला लूट कांड: 15 लाख के गहने छीनने वाला ‘फैमिली गैंग’ का गुर्गा गिरफ्तार; कांस्टेबल नारायण सालवी की रही विशेष भूमिका

रायला (लक्की शर्मा)। ​रायला पुलिस ने कस्बे में हुई 15 लाख की बड़ी लूट का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले को सुलझाने और आरोपी तक पहुँचने में रायला थाने के कांस्टेबल नारायण सालवी की विशेष सूचना और सक्रियता ने बड़ी भूमिका निभाई, जिसकी बदौलत पुलिस बदमाशों की पहचान करने में सफल रही।

​ऐसे हुई वारदात: बुजुर्ग दंपत्ति को बनाया निशाना
​घटना 2 मई 2026 की है, जब 75 वर्षीय प्रेम देवी लढ़ा अपने पति के साथ एक्टिवा पर घर लौट रही थीं। शाम करीब 6:30 बजे स्कूल के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया। बैग में करीब 16.5 तोला सोना (कीमत करीब 15 लाख), 25 हजार नकद और मोबाइल था।
​सिपाही की मुखबिरी और तकनीकी दक्षता आई काम
​एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर गठित टीम में शामिल कांस्टेबल नारायण सालवी ने मामले की तह तक जाने के लिए दिन-रात एक कर दिए। नारायण सालवी के विशेष योगदान और जमीनी इनपुट की वजह से ही पुलिस संदिग्धों के हुलिए और उनके भागने के रास्ते को ट्रैक कर पाई। सीसीटीवी फुटेज और कांस्टेबल के मुखबिर तंत्र के सटीक तालमेल से आरोपी नेहाल बावरी (21) निवासी तालेड़ा (बूंदी) को दबोच लिया गया।

​पत्नी और साले के साथ मिलकर की थी लूट

थानाधिकारी मूलचंद वर्मा ने जानकारी देते हुए कहा की आरोपी नेहाल ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी पूजा देवी और अपने साले (बाल अपचारी) के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी। वारदात के समय ये तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। रायला पुलिस अब फरार महिला और अन्य साथी की तलाश के साथ-साथ जेवरात बरामद करने में जुटी है।
: