पुनित चपलोत
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा शहर के निकट हरणी महादेव रोड पर बने ओशो उपवन आश्रम में बुधवार गुरुवार की मध्य रात्रि चोरों ने धावा बोल दिया। चोर आश्रम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां जमकर तोड़फोड़ की।इसके बाद अज्ञात चोर आश्रम से गैस सिलेंडर, पंखे और अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। गुरुवार को घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाना शुरू किया। ओशो आश्रम के संचालक तीर्थदास ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार सुबह आश्रम के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां व अन्य सामान क्षतिग्रस्त किया हुआ था। चोरों ने आश्रम में रखी सामग्री को भारी नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके पर पहुंची मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने फिंगरप्रिंट्स व अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। संचालक तीर्थदास की
रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर के शांतिपूर्ण इलाके में इस प्रकार की चोरी और तोड़फोड़ की घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।