झालावाड़|स्मार्ट हलचल|युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत झालावाड़ द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झालावाड़ में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय – अपने वोट को जाने था l इस कार्यक्रम में युवा नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर एकत्रित किया गया, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना, युवाओं की जागरूक एवं सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना था। युवा संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य- युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के और अधिक निकट लाकर ऐसी पीढ़ी का निर्माण करना है, जो न केवल देश की प्रगति के प्रति जागरूक हो, बल्कि उसमें सक्रिय योगदान भी दे। यह पहल राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति को केंद्र में रखते हुए युवाओं को अपने विचारों, आकांक्षाओं एवं जिम्मेदारियों को सार्थक योगदान में बदलने के लिए प्रेरित करती है, ताकि विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार किया जा सके। कार्यक्रम में माय भारत युवाओं एवं युवा स्वयंसेवकों सहित संस्थान के छात्रों ने सहभागिता दी l यह कार्यक्रम देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धीरज गौतम प्रदेश मंत्री भाजपा युवा मोर्चा, अंशुल पंवार जिला सयोंजक, कशिश चावला यूथ आइकॉन राजस्थान, पीसी गुप्ता उपनिदेशक आइटीआई झालावाड़, नीलकंठ गुप्ता सीएफसीएल प्रतिनिधि, यशवीर सिंह स्पोर्ट्स आइकॉन की उपस्थिति रही। इनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में जन नेतृत्व, खेल उत्कृष्टता एवं युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न दृष्टिकोणों को साझा करने का अवसर मिला। आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यूथ आइकन कशिश चावला ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए “मेरा वोट जरूरी क्यों है” विषय पर पी.पी.टी. के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया) के बारे में युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बताया कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मतदाता सूची को समय-समय पर अद्यतन एवं अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से की जाने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम एवं अन्य डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित भ्रामक जानकारियों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने अथवा उसे आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच आवश्यक करें। इस अवसर पर खेल जगत से यशवीर सिंह स्पोर्ट्स आइकॉन ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ द्वारा मेरा युवा भारत की जानकारी की प्रस्तुति दी गई जिसके अंतर्गत माय भारत पोर्टल पर संचालित विभिन्न प्रतियोगिताओं, जिला स्तरीय युवा संसद, युवा महोत्सव एवं अन्य युवा गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से माय भारत पोर्टल देखते रहने का आह्वान किया, ताकि वे युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों, प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की जानकारी से वंचित न रहें। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों एवं युवा आइकॉन के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इस दौरान प्रतिभागियों ने शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे एवं अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम का संचालन रामरतन जूनियर इंस्ट्रक्टर ने किया | कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत के ए.पी.एस. हरिबल्लभ रेगर और विनोद कुमार एवं माय भारत के स्वयंसेवको ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झालावाड़ के स्टाफ सदस्य समस्त प्रशिक्षकों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ और राष्ट्रगान के साथ हुआ |