शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला परिषद प्रशासन ने कार्रवाई की है। विकास अधिकारी पीपलू श्वेता खोरवाल को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-17 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं ग्राम विकास अधिकारी झिराना मुकेश कुमार गुर्जर को निलम्बित कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) टोंक के निर्देशानुसार 5 नवम्बर को पंच एवं सरपंच पदों के मतदान दिवस पर ग्राम विकास अधिकारियों को मुख्यालय पर उपस्थित रहकर मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, मतदान दलों से समन्वय स्थापित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसी क्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद टोंक राकेश कुमार मीना ने पंचायत समिति पीपलू की ग्राम पंचायत झिराना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी मुकेश कुमार गुर्जर बिना किसी सक्षम स्वीकृति अथवा पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित रहने तथा राजकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ राकेश कुमार मीना ने ग्राम विकास अधिकारी मुकेश कुमार गुर्जर को निलम्बित कर उनका मुख्यालय पंचायत समिति देवली निर्धारित किया है। वहीं विकास अधिकारी पीपलू श्वेता खोरवाल को मतदान व्यवस्था एवं अधीनस्थ कार्मिकों के पर्यवेक्षण सहित राजकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-17 के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।