देवभक्तों से की मुलाकात, तीर्थ कॉरिडोर विकास कार्यों का लिया जायजा
मोड़ का निंबाहेड़ा @
भारतीय जनता पार्टी के ग्राम रथ अभियान के तहत पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी रविवार शाम विश्व विख्यात देवनारायण जन्मभूमि मालासेरी डूंगरी पहुंचे, जहां उनका ग्रामवासियों एवं देवभक्तों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
सांसद सीपी जोशी ने सबसे पहले मालासेरी निवासी एवं देवनारायण जन्मभूमि के पुजारी हेमराज पोसवाल के निवास पहुंचकर स्नेहपूर्वक भोजन ग्रहण किया तथा ग्रामीणों और देवभक्तों से मुलाकात कर हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने प्रसाद योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे मालासेरी तीर्थ कॉरिडोर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली।
रात्रि में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में सांसद जोशी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए क्षेत्र की समस्याओं, सड़क, पानी, बिजली एवं विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनभावनाओं के अनुरूप कार्य किए जा रहे हैं।
मालासेरी डूंगरी के पुजारी हेमराज पोसवाल ने बताया कि , सांसद सीपी जोशी की सुबह की दिनचर्या भगवान श्री देवनारायण के अतिथि गृह में शुरू हुई, भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन कर महाआरती में भाग लिया । कार्यक्रम के बाद सांसद जोशी ने मालासेरी डूंगरी मंदिर परिसर स्थित अतिथि गृह में रात्रि विश्राम किया। सोमवार सुबह उन्होंने भगवान श्री देवनारायण जी के दर्शन कर राजभोग का प्रसाद अर्पित किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान आसीन्द विधायक जबर सिंह साँखला, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा , सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामवासी एवं देवभक्त उपस्थित रहे।
