15 साल बाद सुधरेगी देवनारायण सागर बांध की सूरत, 90 लाख से होगा जीर्णोद्धार; विधायक गोपीचंद मीना ने किया शिलान्यास
खजुरी | स्मार्ट हलचल संवाददाता
करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद अब उरना गांव स्थित देवनारायण सागर बांध की तस्वीर बदलने जा रही है। बुधवार को जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीना ने 90 लाख रुपए की लागत से होने वाले बांध के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस सौगात से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खुशी की लहर है।
विधायक का हुआ भव्य स्वागत, जनसुनवाई में सुनी समस्याएं
शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक गोपीचंद मीना का पूरे गांव में उत्साह के साथ स्वागत किया गया। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौके पर उमड़ पड़े और ढोल-नगाड़ों व फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने एक जनसुनवाई का भी आयोजन किया, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। इस दौरान महिलाओं ने गांव में बंद पड़े मनरेगा (MGNREGA) कार्यों को फिर से शुरू कराने की पुरजोर मांग की। विधायक ने महिलाओं की इस मांग पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मौके से ही जहाजपुर विकास अधिकारी को गांव में जल्द से जल्द मनरेगा कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीना ने कहा कि उनकी सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। पूर्ववर्ती सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “पहले रात के अंधेरे में शिलान्यास और उद्घाटन होते थे, जिससे कई काम अधूरे ही रह जाते थे। लेकिन हमारी सरकार में अब सभी विकास कार्य दिन के उजाले में, जनता के बीच और पूरी पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं।”
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी:
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य धर्मचंद मीना ने किया। इस अवसर पर किशोर शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, रामकुवार मीना, रामगोपाल शर्मा, रमेश काष्ठ, राकेश खटीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
