भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे भक्त, दादी धाम में साकार हुआ नारायणी विवाह का दिव्य उत्सव

मेहंदी, हल्दी और जयमाला की रस्मों ने बांधा समां, दादीजी को छप्पन भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं ने की मंगल कामना

अनिल कुमार खीची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।अजमेर रोड स्थित श्री मंदिर दादी धाम में आयोजित दादीजी के संगीतमय मंगलपाठ में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच नारायणी जन्म से लेकर विवाह उत्सव तक के प्रसंगों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मेहंदी, हल्दी, जयमाला और चुनरी उत्सव की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

श्यामाश्याम वंदना परिवार के गोपाल वर्मा ने मधुर वाणी में मंगलपाठ प्रस्तुत किया। गणेश वंदना, शिव स्तुति, बजरंग आराधना एवं पितर वंदना के साथ नारायणी जन्म, विद्याध्ययन और विवाह प्रसंगों को चौपाइयों एवं भजनों के माध्यम से जीवंत किया। ‘हाथां में दादी मेहंदी मांडण आया हां’, ‘महेंदी रची थारे हाथां में’ और ‘हो रही जय-जयकार दादीजी थारे मंदिर में’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। सजी-धजी बारात के साथ पहुंचे तनधनदास ने नारायणी को जयमाला पहनाकर वरण किया।

दादी परिवार न्यास के महामंत्री केदार गर्ग ने बताया कि बुधराज, गोगराज एवं बच्छराज अग्रवाल परिवार के सौजन्य से आयोजित मंगलपाठ में दादीजी के गर्भगृह का मनमोहक श्रृंगार किया गया। गोंदगिरी के लड्डू, केसरिया जलेबी, तिलपट्टी, गजक और रेवड़ी सहित छप्पन भोग अर्पित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष माणक डाणी ने किया। मंदिर ट्रस्ट के बद्रीप्रसाद गर्ग, रमेश सिंघल एवं सुशील गर्ग ने अतिथियों का माला पहनाकर एवं उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अजय, विजय, राहुल, संदीप, अवि मदन, रमेश, महेंद्र अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, देवेंद्र, मुकेश अग्रवाल, मंजुला, उर्मिला, शशि, संगीता, नीता, स्नेहलता, नेहा, वीणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।