अंतिम समय में चारों सदस्यों ने किया मतदान, कांग्रेस की आयुषी नागर 15 मत लेकर एक वोट से बनी उप प्रधान
धनराज भंडारी
सुनेल 28 नवंबर
स्मार्ट हलचल|पंचायत समिति पिड़ावा मुख्यालय सुनेल में शनिवार को उप प्रधान चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया। चार कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्यों को मतदान से वंचित किए जाने के आरोप के बाद पंचायत समिति परिसर के बाहर हंगामा हो गया। घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उग्र होने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की जानकारी सामने आई।
पंचायत समिति पिड़ावा में कुल 29 जनपद सदस्य हैं। उप प्रधान चुनाव के दौरान शुरुआत में भाजपा के पक्ष में 14 सदस्यों के मतदान करने तथा कांग्रेस के 11 सदस्यों के मतदान के बाद चार कांग्रेस समर्थित सदस्यों को मतदान से रोकने का आरोप सामने आया। इस घटनाक्रम के बाद पंचायत समिति परिसर के बाहर विरोध और हंगामा शुरू हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान आधा दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की जानकारी भी सामने आई।
उप प्रधान पद के लिए कांग्रेस की आयुषी नागर और भाजपा के बालकृष्ण चुनाव मैदान में थे। मतदान से वंचित किए जाने की शिकायत के बीच शाम करीब 4:45 बजे संबंधित चारों सदस्यों का निर्धारित समय समाप्त होने से ठीक पहले मतदान करवाया गया। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
आयुषी नागर ने एक मत से हासिल की जीत
शाम 5 बजे के बाद रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश कुमार मीणा ने चुनाव परिणाम घोषित किया। परिणाम के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी आयुषी नागर को 15 मत तथा भाजपा प्रत्याशी बालकृष्ण को 14 मत प्राप्त हुए। इस तरह आयुषी नागर एक मत के अंतर से जीत हासिल कर पंचायत समिति पिड़ावा की उप प्रधान निर्वाचित हुईं।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए प्रधान पद के चुनाव में भी कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। कांग्रेस प्रत्याशी बने सिंह चौहान को 15 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 13 मत प्राप्त हुए थे। बने सिंह चौहान प्रधान निर्वाचित हुए थे। उस चुनाव में नेहा कंवर का एक मत नहीं डल पाया था।
उप प्रधान चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को लेकर हुए विवाद, विरोध प्रदर्शन, पुलिस के हल्के बल प्रयोग और आरोप-प्रत्यारोप के बाद पंचायत समिति क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।