सीमा पर पहुंचेंगे डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा

जवानों से करेंगे संवाद, जनसुनवाई में सुनेंगे ग्रामीणों की परिवेदनाएं

– 16 और 17 सितंबर को जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा और जालोर का दौरा
– थानों और बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण और कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

जयपुर, 15 सितंबर। स्मार्ट हलचल|पुलिस महानिदेशक राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा 16 एवं 17 सितंबर को प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। दौरे के तहत डीजीपी सीमावर्ती थानों और बॉर्डर आउट पोस्ट का निरीक्षण करने के साथ पुलिसकर्मियों एवं सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे।डीजीपी श्री शर्मा 16 सितंबर को सुबह 10.30 बजे फलौदी के नोख थाने में पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद ग्राम जालुवाला में ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ में स्थानीय निवासियों से रूबरू होंगे। दोपहर 2 बजे बॉर्डर आउट पोस्ट निरीक्षण करने के साथ सीमा प्रहरियों से संवाद एवं सीमा क्षेत्र का दौरा भी करेंगे। इसके बाद जैसलमेर के सीमावर्ती ग्राम भारेवाला और रणाऊ में ‘सीमा संवाद एवं जनसुनवाई’ की जाएगी। डीजीपी श्री शर्मा का बॉर्डर आउट पोस्ट पर सीमा प्रहरियों से संवाद और दौरे का भी कार्यक्रम है। रात्रि विश्राम तनोट में करेंगे।

पुलिस महानिदेशक 17 सितंबर को सुबह तनोटराय माता मंदिर दर्शन के बाद सांगड़ थाने का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद बालोतरा के सिणधरी थाने में पहुंचकर बालोतरा और बाड़मेर के पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून व्यवस्था पर चर्चा करेंगे। डीजीपी श्री शर्मा करीब 3 बजे जालोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जालोर, पाली, सिरोही के पुलिस अधीक्षक अपने जिलों की कानून व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देंगे और समीक्षा की जाएगी।
—-