ऋषि पंचमी पर नानादेई मातेश्वरी मंदिर में उमड़ा समाज, महिलाओं ने सजाई पूजा की थालियां; शिक्षा, एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर दिया जोर
संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी। स्मार्ट हलचल|कस्बे में मंगलवार को ऋषि पंचमी के पावन अवसर पर चौरसिया समाज की ओर से मनोहरथाना मार्ग स्थित नाना देई मातेश्वरी मंदिर परिसर में सामूहिक कुलदेवी पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। आयोजन में समाज के महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में समाजबंधुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया।
समाजजनों ने प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार मंत्रोच्चार के साथ कुलदेवी नाना देई मातेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पूजा की थालियां सजाकर कुलदेवी की आराधना की। इसके बाद सामूहिक आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
ऋषि पंचमी पर्व की परंपरा के तहत महिलाओं ने विशेष रूप से सावे की खीर-पूड़ी तैयार की। सामूहिक रूप से बनाए गए इस पारंपरिक भोज का समाजजनों ने एक साथ बैठकर आनंद लिया। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही।
शिक्षा और सामाजिक एकता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान को लेकर भी चर्चा हुई। समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि ऋषि पंचमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपनी परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक जड़ों से जुड़े रहने का अवसर भी है। समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षा को बढ़ावा देने, आपसी एकता मजबूत करने तथा संगठन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
समाजबंधुओं ने समाजहित में मिल-जुलकर कार्य करने और आने वाली पीढ़ी को शिक्षा तथा संस्कारों से जोड़ने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी वर्षों में ऋषि पंचमी का आयोजन और भी व्यापक स्तर पर करने की बात कही गई।
युवाओं ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम में युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से पर्व मनाकर सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाज पंचायत अध्यक्ष रमेशचंद चौरसिया, उपाध्यक्ष प्रेमचंद चौरसिया, गोपाल चौरसिया, श्यामसुंदर चौरसिया, मूलचंद चौरसिया, हंसराज चौरसिया, ओमप्रकाश चौरसिया, सुरेश चौरसिया पान वाले, रमेशचंद्र चौरसिया चाय वाले, भरत चौरसिया, सौरभ चौरसिया सहित समाज के अन्य गणमान्यजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।