राष्ट्रीय राजमार्ग पर पार्किंग स्थल में बैठकर भोजन करने के वायरल वीडियो पर प्रकरण दर्ज

महेन्द्र धाकड़

बेगूं। स्मार्ट हलचल|पुलिस थाना बेगूं क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल में परिवार सहित बैठकर भोजन करने एवं हाईवे पर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हुए स्वयं एवं अन्य राहगीरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस थाना बेगूं थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आरोली टोल से मेनाल एवं लाडपुरा तक है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मेनाल से लाडपुरा की ओर करीब 2 किलोमीटर दूरी पर हाईवे के दोनों तरफ भारी वाहनों के रुकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 12 अगस्त 2026 को हरियाली अमावस्या के अवसर पर उक्त हाईवे पर वाहनों का आवागमन अत्यधिक था। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा उक्त पार्किंग स्थल पर परिवार सहित बैठकर भोजन किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस द्वारा जानकारी जुटाने पर सामने आया कि शिव माहेश्वरी, निवासी शास्त्री नगर, चित्तौड़गढ़ द्वारा अपने परिवार सहित हाईवे के पास बनाए गए उक्त पार्किंग स्थल पर वाहन रोककर परिवार के साथ बैठकर भोजन किया गया। उक्त स्थान का निर्माण मुख्य रूप से वाहनों के सुरक्षित ठहराव एवं पार्किंग के लिए किया गया है। अत्यधिक यातायात वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप इस प्रकार बैठकर भोजन करने से स्वयं, परिजनों तथा हाईवे से गुजरने वाले अन्य राहगीरों के जीवन को खतरे में डालने की स्थिति उत्पन्न होना पाया जाने से पुलिस थाना बेगूं द्वारा प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम अनुसंधान एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।