स्मार्ट हलचल|आदर्श नगर (मालपुरा) की होनहार बेटी धरा शर्मा ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजधानी जयपुर के कैम्ब्रिज कोर्ट हाई स्कूल की मेधावी छात्रा धरा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर लगन के बल पर यह शानदार सफलता हासिल की है।
धरा शर्मा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर छा गई है। शिक्षकों ने धरा को मेहनती, अनुशासित एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विशेष बात यह है कि धरा ने एक ही वर्ष में दोहरी सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित CLAT 2026 परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 604वीं रैंक तथा महिला श्रेणी में 182वीं रैंक प्राप्त की है। हाल ही में हुई काउंसलिंग के बाद उन्हें नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जोधपुर में प्रवेश प्राप्त हुआ है।
धरा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं विशेष रूप से अपने दादा श्री हनुमान सहाय शर्मा को दिया, जो एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। धरा ने कहा कि दादा जी के मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की सीख दी।
धरा के पिता श्री लक्ष्मीकांत शर्मा, जो जयपुर हाई कोर्ट के प्रसिद्ध अधिवक्ता हैं, ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और समय का सही उपयोग ही सफलता की असली कुंजी है।
धरा शर्मा ने भविष्य में न्यायिक सेवा में जाने अथवा वकालत के क्षेत्र में कार्य करते हुए समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उनका मानना है कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के लिए उपयोगी बनने का रास्ता भी है।
धरा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों द्वारा लगातार फोन, संदेशों और सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दी जा रही हैं। क्षेत्रवासियों ने धरा की सफलता को बेटियों की शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास का प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।
