जहाजपुर अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|कांग्रेस के पूर्व विधायक धीरज गुर्जर ने पंडेर में आयोजित आभार एवं सम्मान समारोह के मंच से प्रशासनिक व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। अपने तीखे अंदाज में उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि तीन साल तक जनता को जितना परेशान करना था, कर लिया, लेकिन अब कांग्रेस के समर्थित जीतकर आए सरपंचों को किसी कर्मचारी, अधिकारी या नेता ने परेशान किया अथवा विकास कार्यों में अड़ंगा लगाया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरपंचों को काम करने से रोकने वालों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई जाएगी।
भाजपा के शासन में जिन्हें परेशान किया, जनता ने उन्हें ही जिताया
धीरज गुर्जर ने चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में जिन सरपंचों को परेशान किया गया, जनता ने उन्हें दोबारा जीताकर जवाब दिया है। वहीं, जिन्होंने कांग्रेस के साथ गद्दारी की, जनता ने उन्हें चुनाव में हरा दिया। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और अपने अपमान तथा परेशानी का जवाब वोट की ताकत से देना जानती है। जनता के जनादेश का सम्मान होना चाहिए, न कि चुने हुए प्रतिनिधियों को राजनीतिक द्वेष के चलते परेशान किया जाना चाहिए।
वोटों के गणित से बदली पंचायतें, दो साल बाद जनता की मर्जी से होगा पुनर्गठन
पंचायतों के परिसीमन को लेकर भी धीरज गुर्जर ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वोटों के चक्कर में कई पंचायतों को इधर-उधर कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई पंचायतों का गठन जनता की इच्छा और सुविधा के अनुरूप नहीं किया गया। उन्होंने ऐलान किया कि दो साल बाद कांग्रेस की सरकार बनते ही ऐसी पंचायतों का पुनर्गठन जनता की मर्जी और इच्छा के अनुसार करवाया जाएगा। जिन पंचायतों का गठन ग्रामीणों की इच्छा के खिलाफ हुआ है, उन्हें जनता की मांग के अनुरूप वापस व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने साफ संदेश दिया कि पंचायतों का गठन राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि जनता की सुविधा और इच्छा के अनुसार होना चाहिए।
मंच से अधिकारियों और नेताओं को भी दिया संदेश
धीरज गुर्जर ने कहा कि चुनाव में जनता अपना फैसला सुना चुकी है। अब निर्वाचित सरपंचों को बिना किसी दबाव और भेदभाव के विकास कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए। यदि कोई अधिकारी, कर्मचारी या नेता राजनीतिक रंजिश के चलते सरपंचों के काम में बाधा बनेगा तो उसका विरोध किया जाएगा।
दरअसल, ग्राम पंचायत पंडेर की सरपंच ममता मुकेश जाट लगातार दूसरी बार सरपंच निर्वाचित होने पर मंगलवार को दौलपुरा बालाजी धाम में आभार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर बाबू गिरी महाराज का सानिध्य रहा। मुख्य अतिथि धीरज गुर्जर का ग्रामीणों ने साफा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने भाग लिया। हालांकि कार्यक्रम में धीरज गुर्जर के तीखे राजनीतिक बयानों और परिसीमन को लेकर किए गए ऐलान ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।