डिगारिया में 22 वर्षीय विवाहिता की करंट लगने से मौत

पशुओं के लिए चारा काटते समय हुआ हादसा, दो बेटियां हुईं बेसहारा

अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक

स्मार्ट हलचल|टोंक जिले के दूनी तहसील के डिगारिया गांव की नया गांव ढाणी में मंगलवार को एक 22 वर्षीय विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। वह कुएं पर पशुओं के लिए चारा काट रही थी, तभी विद्युत ट्रांसफार्मर से जुड़े खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गई।जानकारी के अनुसार, नया गांव डिगारिया निवासी विजया पत्नी मनीष गुर्जर (22 वर्ष) अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा काट रही थी। इसी दौरान पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के लोहे के खंभे में अचानक करंट उतर आया, जिससे विजया उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। वे तुरंत विजया को दूनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने दूनी थाने में कानूनी कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दूनी अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया और शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

मृतका विजया अपने पीछे दो छोटी बच्चियां छोड़ गई हैं। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है।