बिजौलिया। कस्बे की सब्जी मंडी क्षेत्र में एक चाय होटल संचालक पर हथियारों से लैस आए बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले को लेकर थाने में शिकायत देकर चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है ।
थडोदा निवासी पिंटू पूरी पुत्र सूरजमल पुरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि वह दोपहर करीब एक बजे अपनी होटल पर कामकाज में व्यस्त था। इसी दौरान बिजौलिया निवासी युवक लक्की सेन अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने आते ही विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए।
पीड़ित का आरोप है कि उसके साथ लकड़ियों से मारपीट की गई, जिससे उसे सिर और शरीर पर चोटें आईं। होटल पर मौजूद कर्मचारी अर्जुन ने बचाव का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान होटल और मंडी क्षेत्र में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
शिकायत में बताया गया कि जान बचाने के लिए वह मंडी परिसर की ओर भागा, जहां उसका भाई भी पहुंच गया। आरोप है कि समझाने का प्रयास करने पर उसके साथ भी हाथापाई की गई। पीड़ित ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि जाते-जाते आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां देकर मौके से चले गए।
दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसका आरोपियों के साथ किसी प्रकार का लेन-देन या पुराना विवाद नहीं था, फिर भी उसे निशाना बनाया गया। आरोपियों के पास धारदार हथियार में चाकू भी थे ।
वहीं मामले को लेकर एएसआई हरि सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है , पुलिस आरोपियों की पहचान कर तलाश में जुटी हुई है ।
