🏆 शक्करगढ़ की बेटी का महा-धमाका: सरकारी स्कूल की छात्रा ने गाड़ा झंडा
NMMS परीक्षा में शक्करगढ़ की जिया टेलर ने रचा इतिहास, पूरे राजस्थान में हासिल किया पहला स्थान; भीलवाड़ा का बढ़ाया गौरव!
शक्करगढ़, स्मार्ट हलचल।
प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती, इस बात को भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ की एक होनहार बेटी ने सच कर दिखाया है। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा-2026 के घोषित परिणामों में राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय शक्करगढ़ की छात्रा जिया टेलर पुत्री मुकेश कुमार दर्जी ने समूचे राजस्थान स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। जिया की इस अभूतपूर्व और उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे भीलवाड़ा क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित और बेहद चुनौतीपूर्ण परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिया ने राज्य की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया है। जिया की इस सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। शिक्षकों ने बताया कि जिया शुरू से ही एक कुशाग्र और अनुशासित छात्रा रही है। उसकी दिन-रात की कड़ी मेहनत और लगन का ही यह सुखद परिणाम है, जिससे आज शक्करगढ़ का नाम पूरे राजस्थान के शैक्षणिक पटल पर गर्व से चमका है।
सफलता की खबर क्षेत्र में फैलते ही जिया के निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने जिया को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण आंचल की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे किसी से कम नहीं हैं। यह सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
सबसे तेज और निष्पक्ष खबरों के लिए पढ़ते रहें ‘स्मार्ट हलचल’ डिजिटल न्यूज नेटवर्क।
