सरस डेयरी में मॉक ड्रिल से परखी आपदा प्रबंधन की तैयारियां, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

पंकज पोरवाल

सायरन बजते ही ब्लैकआउट, एयर स्ट्राइक के अलर्ट पर दौड़ी रेस्क्यू टीमें, एसडीआरएफ, पुलिस और मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा

सरस डेयरी में मचा आपातकाल जैसा माहौल, घायलों को सुरक्षित निकालने से लेकर अस्पताल पहुंचाने तक का किया अभ्यास

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।आसमान से हमले की आशंका, अचानक बजता सायरन और देखते ही देखते ब्लैकआउट…। सोमवार को अजमेर रोड स्थित सरस डेयरी परिसर में कुछ ऐसा ही आपातकालीन माहौल नजर आया। हालांकि यह कोई वास्तविक हमला नहीं, बल्कि एयर स्ट्राइक से आग लगने जैसी स्थिति में राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को परखने के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, मेडिकल और नागरिक सुरक्षा दल ने संयुक्त रूप से अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। नागरिक सुरक्षा विभाग जयपुर एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में एयर स्ट्राइक जैसी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी, एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तथा मेडिकल टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। सभी विभागों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप मोर्चा संभाला। मॉक ड्रिल के तहत डेयरी परिसर में आपातकालीन सायरन बजते ही ब्लैकआउट प्रोटोकॉल लागू किया गया और एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा दल और अग्निशमन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीमों ने घटनास्थल पर आग बुझाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और आपात स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। संभावित रूप से प्रभावित और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल टीम के सुपुर्द किया गया। मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा उनकी स्थिति के अनुसार अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। वहीं पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, राहत कार्यों के संचालन और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान आपात स्थिति में सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और बचाव दल की प्रतिक्रिया क्षमता को भी परखा गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ. सुश्री हरितिमा ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य एयर स्ट्राइक जैसी आकस्मिक एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की तत्परता, कार्यक्षमता तथा आपसी समन्वय का आकलन करना है। एडीएम सिटी श्रीमती प्रतिभा देवटिया एवं उपखंड अधिकारी प्रमोद सिरवी ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की क्षमता विकसित होती है। साथ ही प्रभावित लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, उपखंड अधिकारी प्रमोद सिरवी, भीलवाड़ा डेयरी प्रबन्ध संचालक त्रिभुवन पाटीदार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, मेडिकल टीम, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और नागरिक सुरक्षा दल के सदस्य मौजूद रहे।