जिला कलक्टर ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दी सख्त समयसीमा की चेतावनी,

बजट घोषणाओं और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।नागौर जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की चल रही योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों तथा जन शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति पर विभागवार चर्चा की गई तथा कार्यों में गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सभी स्वीकृत विकास कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

*बजट घोषणाओं और आधारभूत ढांचे के कार्यों की समीक्षा*

जिला कलक्टर ने विशेष रूप से सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए रेलवे अंडरब्रिज, रेलवे ओवरब्रिज और सड़क निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आमजन की सुविधाओं से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनमें किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत जिला विकास वार्षिक योजना 2026-27 के क्रियान्वयन, धनराशि के उपयोग, परिसंपत्तियों के सृजन और गुणवत्ता नियंत्रण की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

*विकास निधियों और विभागीय योजनाओं की प्रगति पर फोकस*

बैठक में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि तथा एडीपीसी के माध्यम से चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, नगर परिषद और विभिन्न नगरपालिकाओं द्वारा संचालित आधारभूत सुविधाओं के कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

*जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर सख्ती*

जिला कलक्टर ने सीएमआईएस पोर्टल, संपर्क पोर्टल, मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लंबित प्रकरणों तथा सीपीग्राम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

*पंच गौरव और प्रमुख अभियानों की समीक्षा*

बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे कार्यों, स्वीकृत परियोजनाओं और व्यय की गई राशि की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी कार्यों को तय मानकों के अनुसार और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, विभागीय फ्लैगशिप योजनाओं, अटल ज्ञान केंद्रों की स्थापना और मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

*“जनहित सर्वोपरि” की भावना से कार्य करने के निर्देश*

अंत में जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।