महुआ/मांडलगढ़। स्मार्ट हलचल।महुआ ग्राम में वीबी-जी रैम-जी (विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में मिशन की शुरुआत की गई। इस दौरान पौधरोपण कर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन एवं ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं को गति देने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मिशन का उद्देश्य गांवों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रतिभा देवठिया, उपखंड अधिकारी स्वाति झा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, महुआ मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्यामलाल अहीर, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रशासक, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन एवं पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
