जिला स्तरीय एनसीएससी शोध प्रतियोगिता 2026 में पनोतिया विद्यालय की परियोजना का राज्य स्तर पर चयन

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा।स्मार्ट हलचल|विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राजस्थान सरकार, उदयपुर के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुलमंडी में जिला स्तरीय एनसीएससी शोध प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 10 विद्यालयों के 34 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया तथा अपनी शोध परियोजनाओं का पीपीटी एवं पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’था। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न उपविषयों पर आधारित अपने शोध एवं नवाचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पनोतिया के बाल वैज्ञानिक कन्हैया लाल गुर्जर एवं देवेन्द्र गुर्जर ने मार्गदर्शक शिक्षक. महेश कुमार कोली के निर्देशन में तैयार शोध परियोजना का प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण किया। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के पश्चात पनोतिया विद्यालय की परियोजना का राज्य स्तरीय एनसीएससी शोध प्रतियोगिता 2026 के लिए चयन हुआ। जिले से कुल चार परियोजनाओं का राज्य स्तर के लिए चयन किया गया।
मार्गदर्शक शिक्षक महेश कुमार कोली ने बताया कि विद्यालय के बाल वैज्ञानिक पूर्व में भी विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुके हैं। अब तक विद्यालय के विद्यार्थियों की शोध परियोजनाएँ तीन बार राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हो चुकी हैं। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं अनुसंधान की बढ़ती रुचि को दर्शाती है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा डॉ. रामेश्वर प्रसाद जीनगर एवं विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र गहलोत सहित अन्य अतिथियों ने चयनित बाल वैज्ञानिकों एवं मार्गदर्शक शिक्षक को सम्मानित किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य, विपिन कुमावत, उप प्रधानाचार्य रामकिशन कुमावत, समस्त स्टाफ एवं ग्रामवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों बाल वैज्ञानिकों एवं मार्गदर्शक शिक्षक को बधाई दी तथा राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।