उदयपुर 27 अक्टूबर
स्मार्ट हलचल|समग्र शिक्षा अभियान के तहत अब पीएम श्री विद्यालयों की बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाकर ‘सबल और सजग’ बनाया जाएगा। इसके लिए उदयपुर और सलूंबर जिले के चयनित शारीरिक व सामान्य शिक्षकों का जिला स्तरीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण 28 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है, जो 5 नवंबर तक चलेगा।
प्रभारी सहायक जिला परियोजना समन्वयक कन्हैया लाल सुथार के अनुसार, इस 7 दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण का आयोजन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पानेरियों की मादड़ी में किया जा रहा है।
प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी पंकज कलाल के अनुसार प्रशिक्षण सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सभी शिक्षकों के लिए ब्लू लोअर और सफेद टी-शर्ट का ट्रैक सूट पहनना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सभी संबंधित संस्था प्रधानों को पाबंद किया गया है कि वे चयनित शिक्षकों को समय पर कार्यमुक्त कर पूरी यूनिफॉर्म के साथ प्रशिक्षण में भेजें।
विभागीय आदेश के अनुसार, इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कक्षा 6 से 12वीं तक की छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों में पारंगत करना है। यदि कोई शिक्षक इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एमजीजीएस पानेरियों की मादड़ी की प्रधानाचार्य को प्रशिक्षण के लिए हॉल, प्रोजेक्टर, लैपटॉप और टेबल जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।