पूजा कंवर भाटी बनीं ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन-2026’, सृष्टि सिंह सिसोदिया फर्स्ट रनरअप

भीलवाड़ा में तीन दिवसीय सौंदर्य प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, ब्राइडल लुक और पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने बिखेरा जलवा
भीलवाड़ा, 27 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं इंस्पायर्ड जीआर स्टार इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘मिसेज करवा चौथ क्वीन-2026’ प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में पूजा कंवर भाटी ने मिसेज करवा चौथ क्वीन-2026 का खिताब अपने नाम किया। सृष्टि सिंह सिसोदिया फर्स्ट रनरअप और बसंती कुमावत सेकंड रनरअप रहीं। विजेताओं की घोषणा होते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने पुष्पवर्षा कर विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।
स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिएशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रतिभागी महिलाओं ने रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सौंदर्य का प्रदर्शन किया। विजेता पूजा कंवर भाटी को मिसेज करवा चौथ क्वीन का ताज पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में अभिनेत्री प्रतिष्ठा ठाकुर, मिस राजस्थान सलोनी श्रीवास्तव और रंजना बुलीवाल शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
आयोजन संयोजक साधना मेलाना ने बताया कि मिसेज राजस्थान जया चौहान (फैशन आइकन) के नेतृत्व में करवा चौथ की थीम पर समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में महिलाओं ने आकर्षक ब्राइडल लुक के साथ भारतीय परंपरा और संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। पारंपरिक वेशभूषा, साज-श्रृंगार और मंच पर शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में हंसा माहेश्वरी, ममता टाक, प्रियंका तोलंबिया, गीतिका ओझा, प्रिया चौहान, माया वैष्णव, वर्षा सोनी, चांदनी वैष्णव, अदिति बैरवा, रेखा शर्मा, कीर्ति सैनी और पूनम लखकार ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को जिला यूनेस्को एसोसिएशन एवं आईजीआर स्टार इंडिया की ओर से स्मृति चिह्न और सैश देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह से पूर्व प्रीति सिंगावत की टीम ने ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ गीत पर स्वागत प्रस्तुति देकर राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। समारोह का संचालन चेल्सी दक ने किया।
इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन, सचिव जगदीश चंद्र मूंदड़ा, पूर्व सभापति मधु जाजू, जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी रजनीश वर्मा, कार्यक्रम सह-संयोजक मधु लोढ़ा, उषा अग्रवाल, कमलेश जाजू, विशाल विजयवर्गीय, रामचंद्र मूंदड़ा, मनीष चौहान, भावना मेहता, गणेश सैनी, हर्ष गर्ग, दिशा माली, रागिनी भाटी और सत्यनारायण माली सहित यूनेस्को के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।