अवैध खनन को लेकर जिला स्‍तरीय टास्‍क फोर्स की बैठक हुई सम्‍पन्‍न

बूंदी- स्मार्ट हलचल|नेशनल चंबल सेंचुरी में अवैध बजरी खनन और लुप्तप्राय जलीय वन्यजीवों के लिए गठित जिला स्‍तरीय टास्‍क फोर्स की बैठक गुरूवार को जिला कलक्‍टर हरफूल सिंह यादव की अध्‍यक्षता में आयोजित हुई। इसमें माननीय सर्वोच्‍च न्‍यायालय के निर्देशों के तहत अब तक की गई कार्यवाही की विस्‍तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्‍टर ने निर्देश दिए कि अवैध खनन में प्रयुक्‍त होने वाले वाहनों पर विभागीय नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जावें। उन्‍होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित रूप से गश्‍त की जावे। उन्‍होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष प्रयास कर अवैध खनन के विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही की जावें। जिला कलक्‍टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग बेहतर समन्‍वय से कार्य करते हुए अवैध खनन के खिलाफ नियमानुसार कडी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

इसके अलावा संबंधित उपखंड अधिकारी अपने स्‍तर पर भी सप्‍ताहिक बैठक लेकर की जा रही कार्यवाही की समीक्षा करें।बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्‍त जिला कलक्‍टर एचडी सिंह, डीएफओ आरवीटीआर डॉ. अरूण कुमार डी, जिला परिवहन अधिकारी सौम्‍या शर्मा एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।