कोटा। स्मार्ट हलचल। स्थानीय इस्कॉन गोविंद धाम, किशोरपुरा में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच दिव्य ‘नौका विहार’ एवं ‘आम रस महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन एवं संकीर्तन का आनंद लिया।
मंदिर प्रांगण में भगवान के विशेष ‘नौका विहार’ उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सुसज्जित नौका में विराजित प्रभु के दर्शन भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। भक्ति गीतों और ‘हरे कृष्ण’ संकीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु की आराधना की।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के आमों से विशेष रूप से सजाया गया। ‘आम रस महोत्सव’ के अंतर्गत भगवान का आकर्षक श्रृंगार भी पूर्णतः आमों से किया गया, जिसने उपस्थित भक्तों को विशेष रूप से मंत्रमुग्ध किया। आमों की सुगंध और मनोहारी सजावट से पूरा मंदिर भक्तिमय वातावरण में सराबोर दिखाई दिया।
उत्सव के दौरान आयोजित विशेष प्रवचन में वक्ताओं ने पुरुषोत्तम मास की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह मास भगवान पुरुषोत्तम को अत्यंत प्रिय है तथा इस अवधि में की गई भक्ति, जप, दान और साधना का विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है। प्रवचन से प्रेरित होकर श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष दीपदान कर आस्था प्रकट की।
मंदिर से जुड़े भक्तों ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में प्रभु को शीतलता एवं आनंद प्रदान करने की भावना से ‘नौका विहार’ और ‘आम रस महोत्सव’ जैसे उत्सव आयोजित किए जाते हैं, जो भक्ति और संस्कृति की अनूठी अनुभूति कराते हैं।
