दीपावली की आतिशबाजी ने छीनी आंखों की रोशनी: सुवि नेत्र चिकित्सालय कोटा पहुंचे 15 घायल,पांच वर्ष के बच्चे सहित चार की आंखें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त

तीन मरीजों का ऑपरेशन, सभी घायलों का उपचार जारी

कोटा।स्मार्ट हलचल|दीपावली की खुशियों और जगमगाती आतिशबाजी के बीच पटाखों से आंखों में गंभीर चोट के कई चिंताजनक मामले सामने आए हैं। पिछले तीन दिनों में सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेजर सेंटर, कोटा में पटाखों से आंखों में चोट के 15 मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जिनमें से चार मरीजों की आंखों की स्थिति अति गंभीर पाई गई है। इनमें से तीन मरीजों का ऑपरेशन किया गया है, जबकि सभी घायलों का उपचार और आवश्यक जांचें सुवि नेत्र चिकित्सालय, कोटा में जारी हैं।

सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश पाण्डेय एवं डॉ विदुषी शर्मा ने बताया कि सबसे गंभीर मामलों में बूंदी जिले के देवली क्षेत्र की ममता जैन शामिल हैं। वे स्वयं पटाखा नहीं चला रही थीं, बल्कि छत पर खड़ी होकर आतिशबाजी देख रही थीं। उसी दौरान एक स्काई शॉट पटाखे का जलता हुआ टुकड़ा तेज गति से उनकी दाहिनी आंख में आ लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि कॉर्निया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आंख का प्राकृतिक क्रिस्टलाइन लेंस अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर पीछे विट्रियस में चला गया। आंख की अन्य आंतरिक संरचनाएं भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं और उनकी दाहिनी आंख की दृष्टि पूरी तरह से चली गई है। उनका विशेषज्ञ उपचार एवं विस्तृत जांचें जारी हैं।

दूसरा गंभीर मामला चेचट के पास गिलोटा गांव से आए एक युवक का है, जिसकी आंख में सुतली बम से गंभीर चोट लगी। धमाके के कारण उसकी आंख के कॉर्निया में गहरी चोट एवं फटाव, आंख के अगले हिस्से में रक्तस्राव तथा अंदरूनी भाग में विट्रियस हेमरेज पाया गया। इस मरीज का ऑपरेशन और आगे भी लगातार निगरानी एवं उपचार जारी है।

चेचट के पास गांव सातल खेड़ी के एक अन्य मरीज शिवराज सिंह की बायीं आंख में अनार पटाखे के अचानक फटने से बारूद और गर्म कण चले गए। इससे कॉर्निया तथा आंख के अगले भाग में गंभीर चोट पहुंची और दृष्टि प्रभावित हुई। उनका भी उपचार सुवि नेत्र चिकित्सालय में जारी है।

इसी प्रकार एक पांच वर्ष के बच्चे को भी गंभीर नेत्र चोट के साथ चिकित्सालय लाया गया। जांच में आंख के सामने वाले कक्ष में खून जमा होने (हाइफीमा) के साथ कॉर्निया एवं स्क्लेरा की गंभीर चोट पाई गई। बच्चे का ऑपरेशन कर आवश्यक उपचार शुरू किया गया है।

डॉ. सुरेश पाण्डेय ने बताया कि कि इस बार के मामलों से एक अत्यंत महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है—पटाखों से होने वाली आंखों की चोट केवल पटाखा जलाने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती। पास खड़े दर्शक, बच्चे, परिवारजन और राहगीर भी तेज गति से उड़ते पटाखों के टुकड़ों, बारूद, चिंगारियों और विस्फोट के दबाव से गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। ममता जैन का मामला इसका स्पष्ट उदाहरण है, क्योंकि वे स्वयं पटाखा नहीं जला रही थीं, केवल आतिशबाजी देख रही थीं।

डॉ. सुरेश पाण्डेय एवं डॉ. विदुषी शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें। सुतली बम, अनार, स्काई शॉट और तेज विस्फोट वाले पटाखों से विशेष सावधानी बरतें तथा चेहरे और आंखों को पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखें।

उन्होंने कहा, “आंख में पटाखे का कण लगने या चोट लगने पर आंख को बिल्कुल न रगड़ें, उस पर दबाव न डालें और बिना विशेषज्ञ की सलाह के किसी प्रकार की दवा या घरेलू उपचार न करें। यदि आंख में रक्तस्राव, तेज दर्द, लालिमा, धुंधला दिखाई देना या अचानक दृष्टि कम होना महसूस हो तो बिना समय गंवाए नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें। गंभीर नेत्र चोट के बाद शुरुआती कुछ घंटे आंख की संरचना और रोशनी बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण हो सकते हैं।”

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि दीपावली रोशनी और खुशियों का पर्व है, लेकिन कुछ क्षणों की असावधानी किसी व्यक्ति के जीवन में स्थायी अंधकार ला सकती है। इसलिए उत्सव मनाते समय आंखों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है।डॉ. सुरेश पाण्डेय, डॉ. विदुषी शर्मा, नेत्र सर्जन, सुवि नेत्र चिकित्सालय एवं लेसिक लेजर सेंटर, कोटा