कोटा। स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत चलाए गए जागरूकता अभियान का समापन सुवि नेत्र चिकित्सालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुआ। इस अवसर पर चिकित्सकों, करीब 70 स्टाफ सदस्यों और रोगियों के परिजनों ने नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज को प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम में आई बैंक सोसायटी, कोटा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. के.के. कंजोलिया सहित पदाधिकारी, चिकित्सक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। नेत्रदान की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए सुवि नेत्र चिकित्सालय के निदेशक एवं वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. सुरेश पाण्डेय और डॉ. विदुषी शर्मा का आई बैंक सोसायटी की ओर से सम्मान किया गया।
डॉ. कंजोलिया और डॉ. पाण्डेय ने कहा कि नेत्रदान मानव सेवा का ऐसा संकल्प है, जिससे मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। चिकित्सकों ने कॉर्निया प्रत्यारोपण, नेत्रदान की प्रक्रिया, समय-सीमा और परिवार की सहमति से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।
समाजसेवी संदीप चांदीवाला और अपना घर आश्रम के सतीश गुप्ता ने नेत्रदान को सेवा एवं परोपकार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। समारोह में युवाओं और परिवारों से नेत्रदान के विषय पर खुलकर संवाद करने तथा जागरूकता अभियान को पूरे वर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया।