अनिल कुमार
जिला ब्यावर
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बार थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तरबूज की आड़ में पिकअप गाड़ी से की जा रही डोडा पोस्त की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 41 किलो 930 ग्राम अवैध डोडा पोस्त व पिकअप गाड़ी जब्त की है।
नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ब्यावर) डॉ. अनुकृति उज्जैनिया (RPS) एवं वृत्ताधिकारी वृत्त (मसूदा) जयसिंह (RPS) के सुपरविजन में बार थानाधिकारी समजिदा बानू (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
दौराने नाकाबंदी पुलिस टीम ने एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी (नंबर: RJ 14 GT 2188) को रुकवाकर तलाशी ली। गाड़ी में ऊपर तरबूज भरे हुए थे, लेकिन जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो तरबूज की आड़ में छुपाकर रखे गए 02 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। इन कट्टों को खोलने पर उनमें कुल 41 किलो 930 ग्राम अवैध डोडा पोस्त पाया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही पिकअप गाड़ी सहित जब्त कर लिया।
अजमेर निवासी तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से कार्रवाई करते हुए आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महावीर प्रसाद गुर्जर (उम्र 36 वर्ष), पुत्र श्री राधाकृष्ण, निवासी ग्राम प्रतापपुरा, पोस्ट अजगरा, पुलिस थाना सरवाड़, जिला अजमेर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त के मुख्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में बार थानाधिकारी सहित निम्नलिखित पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही, जिसमें कांस्टेबल कैलाशचंद और बलदेव का विशेष योगदान रहा:
समजिदा बानू – पुलिस निरीक्षक (थानाधिकारी, पुलिस थाना बार)
कैलाशचंद – कांस्टेबल नंबर 529 (विशेष योगदान),बलदेव – कांस्टेबल नंबर 756 (विशेष योगदान),रामप्रसाद – कांस्टेबल नंबर 711,राजूराम – कांस्टेबल नंबर 713,सुखदेव – कांस्टेबल नंबर 669,
हरेन्द्र – कांस्टेबल नंबर 472
