डीएसटी भीलवाड़ा व फुलिया कलां थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.42 करोड़ रुपए
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा में फुलिया कलां उपखंड क्षेत्र अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी भीलवाड़ा एवं थाना फुलिया कलां पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त और अफीम बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहनों को जब्त किया है। इनमें तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो और एक क्रेटा कार शामिल है। दोनों वाहनों पर विभिन्न फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने नाकाबंदी एवं पीछा करते हुए कार्रवाई की। तलाशी के दौरान वाहनों से 753 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त तथा 6.420 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। बरामद डोडा-पोस्त की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपए, जबकि अफीम की कीमत करीब 30 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार और एक क्रेटा कार को जब्त किया। इसके अलावा वाहनों से अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ एवं वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक प्रकरण में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क, आरोपियों के संपर्कों तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है। कार्रवाई डीएसटी भीलवाड़ा एवं फुलिया कलां थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
*बरामदगी एक नजर में—*
753 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त
6.420 किलोग्राम अवैध अफीम
एक स्कॉर्पियो कार
एक क्रेटा कार
विभिन्न फर्जी नंबर प्लेट
डोडा-पोस्त की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपए
अफीम की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
