जहाजपुर में अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद, अजमेर सहित अन्य क्षेत्रों में वारदातें करना कबूला
सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|जहाजपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर-जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए वाहनों के संबंध में पूछताछ में जुटी है।
पुलिस उपाधीक्षक रेवड़मल मोर्य के सुपरविजन तथा जहाजपुर थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं की जांच करते हुए संदिग्धों पर निगरानी रखी। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सांवरिया शुक्ला (30) निवासी छीपा मोहल्ला, जहाजपुर तथा अजय खटीक (27) निवासी संतोष नगर, जहाजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जहाजपुर के साथ-साथ अजमेर क्षेत्र से भी मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा आरोपियों ने अब तक कितने वाहनों को निशाना बनाया है।
पुलिस की पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे और चोरी के और वाहन बरामद होने की संभावना जताई जा रही है। मामले में पुलिस जांच जारी है।