सदारामजी का खेड़ा ने बडला को 6-0 से हराया..
डाबला की अरनिया रासा पर 8-0 की बड़ी जीत,खामोर, देवरिया,सुरास ओर फुलियाकलां सेमीफाइनल में।
शाहपुरा@स्मार्ट हलचल|खामोर की राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रही 70वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्ष छात्रा हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैदान पर मुकाबलों का रोमांच चरम पर रहा। सुबह से ही अलग-अलग टीमों के बीच जीत के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। कहीं गोलों की बारिश हुई तो कहीं मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है।प्रधानाचार्य गजानंद जाट ने बताया कि 17 वर्ष छात्रा वर्ग में सदारामजी का खेड़ा ने बडला को 6-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं 19 वर्ष वर्ग में डाबला ने अरनिया रासा को 8-0 से शिकस्त देकर बड़ी जीत अपने नाम की। 17 वर्ष वर्ग में राजपुरा ने भोजरास को 2-0 से हराया। 19 वर्ष वर्ग में तस्वरिया बासा ने राजपुरा को 2-0 से पराजित किया। खामोर ने राज्यास को 4-0 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया, जबकि 19 वर्ष वर्ग में देवरिया ने गांधीनगर भीलवाड़ा को कड़े मुकाबले में 1-0 से हराया।
पेनल्टी शूटआउट में दो बार 1-1, सडन डेथ में डोहरिया ने मारी बाजी
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला डोहरिया और गणपतिया खेड़ा के बीच देखने को मिला। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही और मुकाबला इतना संघर्षपूर्ण रहा कि पेनल्टी शूटआउट में भी जीत-हार का फैसला नहीं हो सका। शूटआउट में दोनों टीमें दो बार 1-1 की बराबरी पर पहुंचीं। इसके बाद मुकाबला सडन डेथ तक जा पहुंचा, जहां डोहरिया ने 4-3 से बाजी मारते हुए रोमांचक जीत दर्ज की। इस मुकाबले ने मैदान पर मौजूद लोगों की उत्सुकता को भी बढ़ा दिया।17 वर्ष वर्ग में फूलियाकलां ने डाबला को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं सुरास और पनोतिया के बीच मुकाबले में भी रोमांच देखने को मिला। पेनल्टी शूटआउट में सुरास ने पनोतिया को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।इस तरह 17 वर्ष वर्ग में फूलियाकलां और सुरास ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।19 वर्ष छात्रा वर्ग में खामोर और देवरिया ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। खामोर ने राज्यास को 4-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि देवरिया ने गांधीनगर भीलवाड़ा को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बड़ी जीत, संघर्षपूर्ण मुकाबले और पेनल्टी शूटआउट के रोमांच ने छात्रा हॉकी का जोश और बढ़ा दिया।अब प्रतियोगिता खिताबी दौर की ओर बढ़ रही है। 17 वर्ष वर्ग में फूलियाकलां और सुरास तथा 19 वर्ष वर्ग में खामोर और देवरिया की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ मुकाबलों की चुनौती भी बढ़ती जा रही है और अब सेमीफाइनल में फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए टीमें पूरी ताकत झोंकेंगी।