भाविप द्वारा डॉ. सूरज प्रकाश जयंती पर सेवा पखवाड़े का आगाज, नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल।भारत विकास परिषद की शाखा शाहपुरा द्वारा परिषद के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती शनिवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इसी अवसर पर सेवा पखवाड़े का शुभारंभ करते हुए नशा मुक्ति को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नई मुस्कान सेवा संस्थान नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में आयोजित संगोष्ठी में नशा मुक्त समाज के निर्माण और नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में परिषद अध्यक्ष पवन बांगड़, संचिना कला संस्थान अध्यक्ष रामप्रसाद पारीक, मॉडल स्कूल प्रधानाचार्य ईश्वर मीणा, कादीसहना प्रधानाचार्य धारासिंह मीणा, अधिवक्ता कमलेश मुंडेतिया, थानमल परिहार तथा जयदेव जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुनर्वास केंद्र संवालक पहाड़िया ने सभी का स्वागत करते हुए केंद्र के कार्यो का विवरण पेश किया।
वक्ताओं ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशा जीवन और परिवार दोनों को बर्बाद करता है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और सामाजिक सेवा का संकल्प लेने की अपील की।
इस बीच रामनिवास धाम में नशा मुक्त समाज निर्माण हेतु हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यवाहक भंडारी संत नवनिधराम महाराज ने प्रथम हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नशे को समाज के लिए घातक बताते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। बाद में उपस्थित भक्तों ने भी हस्ताक्षर किये। कार्यक्रम में परिषद पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।