टांकावास सरपंच के समर्थन में उतरे मोडी के ग्रामीण, सोशल मीडिया पर झूठे आरोप लगाने वालों पर कार्रवाई की मांग

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।सावर उपखंड की ग्राम पंचायत टांकावास के सरपंच विजय प्रताप सिंह शक्तावत उर्फ रॉबिन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर ग्राम मोडी के ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने सरपंच के समर्थन में खुलकर सामने आते हुए आरोपों को निराधार और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास बताया।
मामले की जानकारी लेने के लिए मीडियाकर्मी ग्राम मोडी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच विजय प्रताप सिंह शक्तावत ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में सभी लोगों के साथ समान व्यवहार करते हुए निष्पक्ष रूप से कार्य किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पट्टा बनाने, पंचायत से प्रमाण पत्र जारी करने अथवा अन्य किसी भी पंचायत संबंधी कार्य के लिए सरपंच ने कभी किसी से अवैध राशि की मांग नहीं की तथा विकास कार्यों में भी भ्रष्टाचार नहीं किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई से नाराज कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से सरपंच की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि आबादी विस्तार भूमि पर किए गए अतिक्रमण को बचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि आरोप लगाने वाले व्यक्तियों में से एक पूर्व में एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मोडी के ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम तथा सावर उपखंड अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।