5.70 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ राख में तब्दील, भीलवाड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन

(महेन्द्र नागौरी)

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलहल|जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति ने रिजर्व पुलिस लाइन में एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त 3779 किलो 486 ग्राम डोडा चूरा, 3 किलो 500 ग्राम गांजा और 11 ग्राम स्मैक को विधिवत नष्ट कर दिया।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के निर्देशन तथा महिला सेल उप अधीक्षक शिल्पा भादविया के सुपरविजन में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 करोड़ 70 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसमें 5 करोड़ 66 लाख 85 हजार रुपये का डोडा चूरा, 1 लाख 75 हजार रुपये का गांजा और 2 लाख 20 हजार रुपये की स्मैक शामिल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।