पुनित चपलोत
स्मार्ट हलचल|पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले में सूखा दिवस घोषित करने की मांग को लेकर अल्पसंख्यक कांग्रेस की ओर से गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को ईद मिलादुन्नबी के दिन शराब की दुकानें बंद रखने और सूखा दिवस मनाने का आश्वासन दिया।अल्पसंख्यक कांग्रेस जिलाध्यक्ष हमीद रंगरेज ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज के लिए बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व है। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी मानवता को भाईचारे, शांति और सद्भाव का संदेश दिया तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की शिक्षा दी। ऐसे में इस पवित्र अवसर पर शराब की बिक्री बंद रखना सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से उचित होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि ईद मिलादुन्नबी के दिन जिलेभर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हुए तबर्रुक वितरित करते हैं। ऐसे शुभ अवसर पर नशे के कारण किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए एक दिन शराब की दुकानों को बंद रखा जाना चाहिए।
हमीद रंगरेज ने कहा कि मोहम्मद साहब पूरी दुनिया के लिए रहमत और प्रेरणा का संदेश लेकर आए। इसलिए उनके जन्मोत्सव के दिन शराब की दुकानों को बंद रखने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ईद मिलादुन्नबी के दिन सूखा दिवस रहेगा और जिले में शराब की दुकानें बंद रखी जाएंगी। कलेक्टर के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन का आभार जताया।
