पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा के एक कारोबारी को दुबई (यूएई) में बंधक बनाकर उसकी पत्नी से 40 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में सुभाष नगर थाना पुलिस ने पूर्व पार्षद एवं वांटेड आरोपी फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी, फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और राजू पठान उर्फ रियाज अहमद शेख के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर फिरौती वसूलने तथा संगठित अपराध सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फजले रउफ शेख की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट सर्कुलर (LOC) के जरिए दुबई पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि पीड़ित मुकेश टेलर पिछले 21 वर्षों से दुबई में इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट और टूर-ट्रैवल्स का कारोबार करते हैं। आरोप है कि 1 जुलाई को भीलवाड़ा निवासी फजले रउफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुबई में उन्हें बंधक बना लिया, मारपीट की और धमकी देकर 1.70 लाख दिरहम के चार चेक जबरन हस्ताक्षर करवा लिए।
आरोपियों ने इसके बाद मुकेश टेलर से उनके ससुर को फोन करवाकर 40 लाख रुपए की मांग की। इसी दौरान योगेश मूंदड़ा और राजू पठान भीलवाड़ा स्थित पीड़ित के घर पहुंचे और उनकी पत्नी से 40 लाख रुपए का चेक ले लिया। पुलिस के अनुसार, चेक मिलने की सूचना के बाद दुबई में मुकेश टेलर को छोड़ दिया गया।
शुक्रवार देर रात मुकेश टेलर भीलवाड़ा लौटे और शनिवार को पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली। वहीं राजू पठान की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी फजले रउफ शेख पहले से ही कई मामलों में वांछित है और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ पहले से जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर दुबई पुलिस की मदद से गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
