दूनी।स्मार्ट हलचल|स्थानीय नगरपालिका मण्डल दूनी इन दिनों पूरी तरह से बदहाली और प्रशासनिक शून्यवाद के दौर से गुजर रही है। आलम यह है कि पूरी नगरपालिका में एक भी स्थाई कर्मचारी या अधिशाषी अधिकारी (ईओ) तैनात नहीं है। पूरी व्यवस्था अतिरिक्त कार्यभार (अतिरिक्त चार्ज) और संविदा कर्मियों (कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों) के भरोसे रामभरोसे चल रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की इस घोर कमी के कारण क्षेत्र की आम जनता को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन पालिका प्रशासन में आमजन की फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है।
अतिरिक्त चार्ज के सहारे प्रशासनिक ढांचा
जानकारी के अनुसार, दूनी नगरपालिका मण्डल में लंबे समय से स्थाई अधिशाषी अधिकारी का पद रिक्त चल रहा है। वर्तमान में देवली नगरपालिका मण्डल के अधिशासी अधिकारी अमर चंद गुर्जर को दूनी नगरपालिका का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। एक अधिकारी के पास दो-दो निकायों का जिम्मा होने के कारण वे नियमित रूप से दूनी कार्यालय को समय नहीं दे पा रहे हैं। अधिकारियों और स्थाई स्टाफ की अनुपस्थिति के चलते पालिका के अन्य कर्मचारियों को भी कार्य व्यवस्था के तहत अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिससे कोई भी काम समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है।
ठप पड़े हैं जनता के जरूरी काम
स्थाई प्रशासनिक अमला नहीं होने का सीधा असर कस्बे के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर पड़ रहा है। संविदा कर्मियों के भरोसे चल रहे कार्यालय में पट्टो सहित मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को दफ्तर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब भी वे अपनी समस्याओं को लेकर नगरपालिका पहुंचते हैं, तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलता। संविदा कर्मी उच्च अधिकारियों की अनुपस्थिति का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
जनता में भारी आक्रोश
दूनी कस्बे के जागरूक नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस लचर व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि सरकार ने दूनी को नगरपालिका का दर्जा तो दे दिया, लेकिन आवश्यक संसाधन और स्थाई स्टाफ मुहैया कराना भूल गई। फरियादियों की सुनवाई न होने से जनता में प्रशासन के खिलाफ असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। दूनी नगरपालिका मण्डल के नवनिर्वाचित पार्षद पूरणवीर सिंह रोझ, श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा, एडवोकेट नरेन्द्र जांगिड़, श्रीमती कृष्णा बनवारी बडगुजर, इन्द्रराज सैनी, अर्चना बडगूजर, मनबर देवी वर्मा,रामकल्याण सोनी, पप्पू कर्मावत ने राज्य सरकार और स्वायत्त शासन विभाग से मांग की है कि दूनी नगरपालिका में जल्द से जल्द स्थाई अधिशाषी अधिकारी और अन्य स्टाफ की नियुक्ति की जाए, ताकि आम जनता को इस मानसिक और प्रशासनिक प्रताड़ना से निजात मिल सके।