मुख्य बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों से राहगीर और व्यापारी परेशान, नवनिर्वाचित पार्षदों व शहरवासियों ने जिला कलेक्टर, एसडीएम और पालिकाध्यक्ष से की पहल की मांग
शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल|दूनी तहसील मुख्यालय के मुख्य बाजार में आएदिन लगने वाले ट्रैफिक जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या अब आमजन के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नगरपालिका मंडल दूनी के नवनिर्वाचित पार्षदों और शहरवासियों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने जिला कलेक्टर टीना डाबी, उपखंड अधिकारी (एसडीएम) देवली रूबी अंसार तथा दूनी नगरपालिका अध्यक्ष अर्चना कटारिया को अवगत करवाकर पूर्व पशु चिकित्सालय के खाली पड़े परिसर की साफ-सफाई करवाकर उसे अस्थाई दोपहिया वाहन पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई है।
गंदगी का अड्डा बना पुराना परिसर-सदुपयोग की दरकार
नगरपालिका पार्षद श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा ने बताया कि पशु चिकित्सालय के नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद पुराना भवन और उसका विशाल परिसर लंबे समय से अनुपयोगी पड़ा है। देखरेख के अभाव में परिसर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह परिसर बस स्टैंड और मुख्य बाजार के बिल्कुल नजदीक स्थित है। ऐसे में इसे उपेक्षित छोड़ने के बजाय जनहित में उपयोग में लिया जाना चाहिए। पार्किंग के अभाव में मुख्य बाजार में दिनभर जाम
पार्षदों और नागरिकों ने बताया कि दूनी का मुख्य बाजार कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र है। बाजार में निर्धारित पार्किंग स्थल नहीं होने से ग्राहक अपने दोपहिया वाहन सड़क किनारे और दुकानों के सामने खड़े करने को मजबूर हैं। संकरी सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है, वहीं व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
एक पहल से दो बड़ी समस्याओं का होगा समाधान
दूनी शहरवासियों का कहना है कि यदि नगरपालिका प्रशासन पूर्व पशु चिकित्सालय परिसर की सफाई, समतलीकरण और आवश्यक व्यवस्थाएं करवाकर यहां अस्थाई दोपहिया वाहन पार्किंग शुरू कर दे, तो कस्बे की दो बड़ी समस्याओं का एक साथ समाधान हो सकता है। इससे मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और पुराने परिसर में फैली गंदगी से भी राहत मिलेगी। साथ ही बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों को भी सुविधा मिलेगी।
इन पार्षदों एवं नागरिकों ने उठाई मांग
इस जनहित की मांग को लेकर नगरपालिका मण्डल के नवनिर्वाचित पार्षद पूरणवीर सिंह रोझ, श्रीमती लक्ष्मी नरेन्द्र मेहरा, अर्चना बडगूजर, नरेन्द्र जांगिड़ एडवोकेट, कृष्णा बनवारी बडगुजर, मनभर देवी वर्मा, रामकल्याण सोनी, इन्द्रराज सैनी, पप्पू कर्मावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर पूर्व पशु चिकित्सालय परिसर को अस्थाई पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की है।