कांग्रेस की कमला देवी रैगर ने 11 मत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी निरमा बावरी को 7 मतों से हराया, रालोपा सदस्य ने भी दिया कांग्रेस का साथ
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलियाकलां में मेहनत और सादगी के साथ खेती-किसानी से जुड़े परिवार में जीवन बिताने वाली कमला देवी रैगर अब फूलियाकलां पंचायत समिति की कमान संभालेंगी। नवसृजित फूलियाकलां पंचायत समिति के प्रधान पद पर कांग्रेस प्रत्याशी कमला देवी रैगर ने शानदार जीत दर्ज कर क्षेत्र की राजनीति में नया अध्याय जोड़ दिया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी निरमा बावरी को सात मतों के अंतर से पराजित किया। प्रधान पद पर कांग्रेस की जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
फूलियाकलां उपखंड कार्यालय में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित हुई। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित प्रधान पद पर कांग्रेस की ओर से कमला देवी रैगर ने कांग्रेस विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रेगर, कांग्रेस नेता आनंद तिवारी एवं सरपंच राजाराम जाट, रंगलाल बलाई, मण्डल अध्यक्ष प्रधान चाड़ा के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर करीब 3:15 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महावीर कुमावत मिनी बस में कांग्रेस के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को लेकर मतदान स्थल पहुंचे। उनके साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक सदस्य भी मतदान के लिए पहुंचा।
शाम पांच बजे मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी कमला देवी रैगर को 11 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी निरमा बावरी को चार मत प्राप्त हुए। इस तरह कमला देवी रैगर ने सात मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। पंचायत समिति के कुल 15 सदस्यों में कांग्रेस के 10, भाजपा के चार और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक सदस्य शामिल है। सभी 15 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। रालोपा सदस्य का समर्थन मिलने से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 11 मत पड़े।
जीत की घोषणा के साथ आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों से गूंजा क्षेत्र
सुबह से ही मतदान स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जैसे ही निर्वाचन अधिकारी ने कमला देवी रैगर के प्रधान निर्वाचित होने की घोषणा की, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया तथा नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
जनता की जीत है, विकास में नहीं रहेगी कोई कमी : कमला देवी
नवनिर्वाचित प्रधान कमला देवी रैगर ने अपनी जीत को जनता की जीत बताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि फूलियाकलां पंचायत समिति क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
गौरतलब है कि कमला देवी रैगर साक्षर हैं और खेती-किसानी से जुड़े परिवार से आती हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकलकर पंचायत समिति के सर्वोच्च पद तक पहुंचना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब क्षेत्रवासियों को उनसे ग्रामीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान की उम्मीदें हैं।
प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था
निर्वाचन प्रक्रिया रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बनवारी लाल बेरवा की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान तहसीलदार रामदेव धाकड़, सीईओ नानाराम सालवी एवं थाना अधिकारी दिनेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का जाप्ता मुस्तैद रहा।